बांदा। जिलाधिकारी जे0 रीभा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में उत्तर प्रदेश विधान परिषद इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान स्थलों की आलेख्य सूची 2025-2026 एवं आगामी पुनरीक्षण हेतु बीएलए नियुक्त किये जाने के सम्बन्ध में समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय/राजनैतिक दलों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन हेतु अपने बीएलए शीघ्र नियुक्त करें। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदेय स्थलों की जानकारी देते हुए बताया कि कुल 18 मतदेय स्थल प्रस्तावित किये गये हैं। इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य का कार्यकाल 07 दिसम्बर, 2026 तक है। विधिक प्राविधानों के अनुसार जिस वर्ष खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का निर्वाचन होना है निर्वाचक नामावली निर्वाचन वर्ष के पूर्ववर्ती वर्ष 2025 में तैयार की जानी है। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार आगामी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण शीघ्र ही प्रारम्भ होने वाला है, इस हेतु प्रत्येक बूथ पर आपके द्वारा बूथ लेवल एजेन्ट (बीएलए) आयोग द्वारा नियत प्रारूप फार्म बीएलए-2 पर नियुक्त किया जाना है तथा पूर्व में बीएलए फार्म सहित पूर्ण जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन हेतु तैयार की गयी मतदेय स्थलों आलेख्य सूची 2025-26 इस अनुरोध के साथ उपलब्ध करायी जा रही है कि इस सम्बन्ध में आपका कोई सुझाव/आपत्ति हो तो लिखित रूप से 11 अगस्त, 2025 तक जिला निर्वाचन कार्यालय बॉदा में उपलब्ध करा दें तथा आपके दल द्वारा बूथ लेवल एजेन्ट को नियुक्त करते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय एवं सम्बन्धित उप जिलाधिकारी/ईआरओ को उपलब्ध कराने का कष्ट करें।बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0/उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार धर्मेन्द्र, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय सहित सम्बन्धित राजनैतिक दलों के पदाधिकारी/प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।















