सहारनपुर। विधानसभा क्षेत्र 04-सहारनपुर देहात से विधायक आशु मलिक ने दो अहम जनहित मामलों को विधानसभा की याचिका समिति के सभापति के समक्ष उठाया है। उन्होंने सहारनपुर के ढमोला और काली नदी के किनारे बसे गांवों में दूषित जल के कारण कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका जताई है।
विधायक आशु मलिक ने अपने पत्र में कहा है कि ग्राम रेहड़, धानाखंडी, तेलीपुरा, गोकुलपुर, हरोड़ा, सलेमपुर भूकड़ी सहित कई गांवों में कैंसर के रोगियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इसका मुख्य कारण नदी का प्रदूषित जल है। उन्होंने बताया कि इस मामले को पूर्व में भी सदन में उठाया गया था, जिसके बाद 28 फरवरी 2025 को विधानसभा अध्यक्ष द्वारा स्वास्थ्य विभाग व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम से जांच कराने के निर्देश दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि कुछ अधिकारियों ने पानी का सैंपल तो लिया लेकिन न तो अब तक उसकी रिपोर्ट सामने आई है और न ही पर्यावरण विभाग के किसी अधिकारी ने विधायक से संपर्क किया। उन्होंने पूछा कि सैंपल की जांच कहां कराई गई और रिपोर्ट क्यों सार्वजनिक नहीं की गई।
इसी के साथ विधायक ने एक अन्य पत्र में विधानसभा क्षेत्र में बैटरी, तार और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं जलाए जाने से हो रहे प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने कहा कि यह अवैध कार्य क्षेत्र में लगातार हो रहा है जिससे लोगों को सांस संबंधी गंभीर बीमारियां हो रही हैं।
आशु मलिक ने मांग की है कि प्रदूषण बोर्ड की प्रवर्तन टीम बनाकर पूरे जनपद में जांच की जाए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो। उन्होंने दोनों ही विषयों को जनमानस के जीवन से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए त्वरित कार्यवाही की मांग की है।















