समीक्षा अधिकारी परीक्षा की तैयारियों को लेकर डीएम व एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

औरैया जनपद में समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा 2025 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी इन्द्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सोमवार को जनपद के कई प्रमुख परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और परीक्षार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

लोक सेवा आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विवेकानंद ग्रामोद्योग महाविद्यालय दिबियापुर, वैदिक टेक्निकल एंड इंडस्ट्रियल इंटर कॉलेज, सेंट जोसेफ सीनियर सेकेंड्री स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल गेल, संजोश एकेडमी, ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल और जनता इंटर कॉलेज ककोर बुजुर्ग जैसे प्रमुख केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की स्थिति, विद्युत आपूर्ति की उपलब्धता, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, क्लार्क रूम, कंट्रोल रूम और यातायात के सुचारु संचालन की व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विद्यालय प्रबंधनों और नोडल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जो भी कार्य अधूरे हैं, उन्हें समय से पूर्व हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और गरिमा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को मानक के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या न उत्पन्न हो, इसके लिए सभी विभागों में समन्वय बनाते हुए जिम्मेदार अधिकारी तैनात किए जाएं। इस निरीक्षण के जरिए जिला प्रशासन ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts