मुख्यमंत्री के निर्देश पर हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा की सुरक्षा का निरीक्षण, श्रद्धालुओं पर हुई पुष्पवर्षा

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा 2025 के दृष्टिगत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का हवाई निरीक्षण किया। यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से की गई इस उच्चस्तरीय निगरानीके दौरान अधिकारियों ने शिव भक्तों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें भावभीना स्वागत व अभिनंदन भी दिया।पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर में सवार होकर दोनों अधिकारियों ने जनपद की सीमाओं में कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों की सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक प्रबंधन एवं सेवा शिविरों की स्थिति का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान हेलीकॉप्टर से भूराहेड़ी, पुरकाजी, छपार, शिव चौक, मिनाक्षी चौक, वहलना चौक, बेगराजपुर, मंसूरपुर व खतौली जैसे प्रमुख स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई।हेलीकॉप्टर से फूल बरसते देख हजारों शिव भक्तों की आंखें खुशी से चमक उठीं। श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और हर-हर महादेव व बम-बम भोले के जयकारों से आसमान गूंज उठा। पुष्पवर्षा की इस भव्य एवं अद्भुत छवि ने न सिर्फ शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाया बल्कि प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।कांवड़ यात्रा के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया गया। यह यात्रा विश्व की सबसे बड़ी पैदल धार्मिक यात्रा मानी जाती है, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों से हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर लौटते हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा हेलीकॉप्टर से निरीक्षण और पुष्पवर्षा जैसे कदम न केवल श्रद्धालुओं का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि यात्रा की सुचारु व्यवस्था को भी सुनिश्चित करते हैं।यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सेवा शिविर, चिकित्सा सहायता, पेयजल, साफ-सफाई, मार्गों की निगरानी आदि तमाम पहलुओं पर बारीकी से नजर रखी जा रही है, जिससे यह यात्रा हर साल की तरह इस बार भी शांतिपूर्वक और भक्तिमय माहौल में संपन्न हो सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts