जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में अमरनाथ यात्रा के दौरान एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। जिले के बट्टल बल्लियां क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने अमरनाथ यात्रियों की कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार आठ यात्रियों में से पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद सीआरपीएफ की 137वीं बटालियन के अधिकारी करतार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद घायलों को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह फिलहाल तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है।















