बांदा। शहर में व्याप्त पानी और बिजली की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अफसाना शाह के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में बताया गया कि कई मोहल्लों में प्रदूषित जलापूर्ति हो रही है, जिससे लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। बलखंडीनाका, छावनी, मर्दननाका जैसे क्षेत्रों में पाइपलाइन लीक होने से गंदे नाले का पानी भी सप्लाई में मिल रहा है।
अफसाना शाह ने सवाल उठाया कि पानी की शुद्धता के लिए क्या ब्लीचिंग पाउडर और फिटकरी का प्रयोग किया जा रहा है या नहीं। वहीं बिजली को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के दौरान रिश्वतखोरी हो रही है और उपभोक्ताओं से जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं।
इसके अलावा शहर की अधिकांश रोड लाइटें खराब हैं, खासकर गरीब बस्तियों और रामलीला मैदान अलीगंज मंच के पास की लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। बिजली की आंखमिचौली ने लोगों का जनजीवन भी प्रभावित कर दिया है।
शहर अध्यक्ष अफसाना शाह ने स्पष्ट किया कि वह नगर की जनसमस्याओं को निरंतर उठाती रहेंगी और जनता की आवाज शासन तक पहुंचाने का कार्य करती रहेंगी। ज्ञापन देने वालों में प्रद्युम्न कुमार लालू दुबे (पूर्व जिलाध्यक्ष), आरिफ अली, अशरफ उल्ला रम्पा, वारिस अली, इस्लाम भाई, बिलाल (पूर्व जिलाउपाध्यक्ष), अली बक्स और सुखदेव गांधी सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।















