कराटे किंग वेदप्रकाश शर्मा का सम्मान, मुजफ्फरनगर का नाम किया रोशन

मुजफ्फरनगर। जिले के सुप्रसिद्ध कराटे खिलाड़ी वेदप्रकाश शर्मा को उनके 43 वर्षों के उत्कृष्ट कराटे करियर और मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए गरिमामय सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें गुरू पूर्णिमा के अवसर पर इंटरनेशनल शितो-रियू कराटे अकेडमी ऑफ इंडिया की नई मंडी ब्रांच-1 पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला प्रतिनिधि पंकज माहेश्वरी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें भाजपा नई मंडी मंडल के कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए।वेदप्रकाश शर्मा को “कराटे किंग” के रूप में जाना जाता है। उन्होंने न केवल मुजफ्फरनगर जिले को कराटे की दुनिया में नई पहचान दिलाई है, बल्कि उत्तर प्रदेश और भारत का नाम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। बीते चार दशकों से अधिक समय से वे निस्वार्थ भाव से कराटे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने शानदार कराटे प्रदर्शन कर सभी उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों की दक्षता और अनुशासन ने यह स्पष्ट कर दिया कि वेदप्रकाश शर्मा की मेहनत और मार्गदर्शन से क्षेत्र में उच्च स्तरीय प्रतिभाएं तैयार हो रही हैं।कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में डॉ अशोक कुमार, हरीश गुप्ता, आदेश गौतम, संजय सक्सेना और पुरोहित ऊंटवाल आदि शामिल रहे। सभी अतिथियों ने वेदप्रकाश शर्मा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जिले को खेल की दुनिया में सम्मान दिलाया है। साथ ही युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि वेदप्रकाश शर्मा जैसे गुरु से प्रशिक्षण प्राप्त करना सौभाग्य की बात है।इस सम्मान समारोह ने स्पष्ट कर दिया कि मुजफ्फरनगर जैसे छोटे शहरों में भी अगर समर्पण और संकल्प हो, तो विश्व स्तर तक की पहचान बनाई जा सकती है। वेदप्रकाश शर्मा का यह सफर नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts