अलवर जिले की प्रथम प्राकृतिक झील सिलीसेढ़ में सोमवार तड़के मानसून की पहली तेज बारिश के चलते पानी की आवक दर्ज की गई। पहाड़ी क्षेत्र और आसपास के गांवों बखतपुरा, ढहलावास, डोबा, रिंग्सपूरी, बिनक, मीणा धानी, कोऑपरेटिव ढाणी, सिरावास, रूध सिरावास, नट बस्ती व बावड़ी में रात 2 से 4 बजे तक मूसलधार बारिश हुई। इससे झील में 5 इंच तक पानी की वृद्धि दर्ज की गई। ग्रामीण निहाल सिंह गुर्जर, रामजीलाल बैसला, ओमप्रकाश गोलियां, शिवराज गुर्जर, राम सिंह गुर्जर और सुर्ज्ञानी मीणा ने बताया कि यह इस सीजन की पहली भारी बारिश है, जिससे झील में जलभराव हुआ है। झील में पानी बढ़ने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।























































