मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सागर वत्स के गांधी कॉलोनी स्थित आवास पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री कपिल देव अग्रवाल और नगरपालिका परिषद् की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने टीवी प्रसारण के माध्यम से ‘मन की बात’ को एक साथ सुना और प्रधानमंत्री द्वारा समाज और देश की सेवा को लेकर दिए गए संकल्पों को आत्मसात करने का आह्वान किया।प्रधानमंत्री के संबोधन के प्रमुख बिंदु आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने की स्मृति और भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक उपलब्धि रहे। कार्यक्रम के उपरांत मंत्री कपिल देव ने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक संवाद युवाओं को प्रेरणा देता है और हमें यह एहसास कराता है कि देश की प्रगति में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है, यही लोकतंत्र की असली ताकत है। पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि यह कार्यक्रम मात्र संवाद नहीं, बल्कि देशवासियों की भावनाओं से जुड़ने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचारों ने समाज सेवा, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय चेतना जैसे विषयों पर नई ऊर्जा प्रदान की है।कार्यक्रम के अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि प्रधानमंत्री के संदेशों को जन–जन तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक कंसल, मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेड़ा, सभासद अमित पटपटिया, समाजसेवी ममता अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष हरेंद्र पाल, विशाल गर्ग, पवन छाबड़ा, पवन अरोरा, हरीश गुप्ता, सागर वत्स, राधे वर्मा समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















