सहारनपुर, देवबंद। बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने रामलीला मैदान में लगने वाले साप्ताहिक पैठ बाजार को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग दोहराई है। उन्होंने मई माह में सहारनपुर मंडल के आयुक्त अटल कुमार राय को दिए गए पत्र का हवाला देते हुए कहा कि यह बाजार धार्मिक स्थलों—श्री बालाजी धाम, श्रीराम लीला भवन और ठाकुरद्वारा मंदिर—के निकट लगाया जाता है, जो उचित नहीं है।
विकास त्यागी ने कहा कि यह संकरे रास्ते पर लगता है, जिससे आवागमन में बाधा आती है और कई बार विवाद भी हो चुके हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्र के बजाय खुले स्थान पर बाजार लगाया जाए, जिससे आम जनता को असुविधा न हो। उन्होंने प्रशासन और नगरपालिका से उच्च न्यायालय में लंबित मामले की सशक्त पैरवी करने की मांग की। त्यागी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस मुद्दे पर राजनीति भी कर रहे हैं।















