मुजफ्फरनगर जनपद के थाना तीतावी क्षेत्र के बुढ़ीना कला गांव स्थित बिजलीघर में कार्यरत संविदा लाइनमैन अनुज कुमार पुत्र यशपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। शनिवार की शाम अनुज का शव बिजलीघर में पड़ा मिला, जिसे साथी कर्मचारियों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बघरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ फुगाना ऋषिका सिंह मौके पर पहुंचीं और परिजनों से बातचीत कर तहरीर ली। उन्होंने निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान तहसीलदार सदर भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सरकारी योजनाओं के तहत हर संभव आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। सीओ ऋषिका सिंह के अनुसार, अनुज कुमार (35) निवासी नूना खेड़ी संविदा पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। शव पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन परिजन उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।















