मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर गुट) के धरना-प्रदर्शन के दौरान बृहस्पतिवार को पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। नई मंडी कोतवाली पर किसानों द्वारा किए जा रहे घेराव में स्थिति उस वक्त बिगड़ गई जब यूनियन कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के बाद झड़प हो गई। हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान किसान ट्रैक्टरों पर सवार होकर पहुंचे थे और धरनास्थल पर गद्दे, तिरपाल और दरियां बिछाकर बैठ गए। लाठीचार्ज शुरू होते ही प्रदर्शनकारी हड़बड़ाकर जूते-चप्पल और दरी तक वहीं छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस ने भाकियू तोमर के कई पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा, जिनमें संगठन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर समेत करीब 10 नेता शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, यूनियन के नेताओं ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र का गला घोंटना बताया है और आगे की रणनीति के लिए बैठक बुलाई है।















