सहारनपुर।21 जून को मनाए जाने वाले 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने एवं इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय रेलवे रोड स्थित जिला मुख्यालय कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन ने की।
बैठक में प्रमुख रूप से इस वर्ष की योग दिवस थीम “एक पृथ्वी – एक स्वास्थ्य के लिए योग” को सार्थक बनाने के लिए व्यापारी प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर संकल्प लिया।
अपने संबोधन में शीतल टण्डन ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत के लिए किसी राष्ट्रीय पर्व से कम नहीं है। यह गौरव की बात है कि आज पूरा विश्व भारत की योग परंपरा को स्वीकार कर चुका है और यह भारतीय संस्कृति की विशेषता को स्थापित करने वाला अवसर है।
उन्होंने कहा कि 20वीं सदी से योग पर हुए वैज्ञानिक शोधों ने सिद्ध कर दिया है कि योग ही वह माध्यम है जो मानव को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से स्वस्थ बनाए रखता है। योग अब एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मान्यता मिली।
शीतल टण्डन ने योग के पांच स्वरूपों – हठ योग, ध्यान योग, कर्म योग, भक्ति योग और ज्ञान योग का उल्लेख करते हुए बताया कि ये शरीर, मन, क्रिया, भावना और बुद्धि को संतुलित करते हैं। उन्होंने कहा कि योग आज देश के युवाओं और समाज के सभी वर्गों के लिए बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी बन चुका है।
उन्होंने बताया कि योग को लोकप्रिय बनाने में व्यापार मंडल प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, योगगुरु बाबा रामदेव, पद्मश्री भारत भूषण एवं योगाचार्य गुलशन जी की प्रेरणा से निरंतर प्रयासरत है। “करो योग, रहो निरोग” का नारा आज हर नागरिक को जागरूक कर रहा है।
जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन ने कहा कि 21 जून को स्थानीय गांधी पार्क स्टेडियम में प्रातः 6 से 8 बजे तक होने वाले मुख्य कार्यक्रम में व्यापार मंडल सक्रिय भूमिका निभाएगा और थीम “एक पृथ्वी-एक स्वास्थ्य” को सफल बनाएगा।
बैठक में जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिडढा, बलदेव राज खुंगर, भोपाल सिंह सैनी, संजीव सचदेवा, सन्नी मल्होत्रा, आकाश खुराना, मोहित वालिया, अनुज चौधरी, राजीव सचदेवा समेत कई व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।















