मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस मौके पर किसानों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए गए।गत किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की स्थिति की जानकारी जिला कृषि अधिकारी द्वारा दी गई। इस बार के किसान दिवस में कुल 31 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें कृषि और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी, जिनमें अनुदान पर कृषि निवेश, उपकरण वितरण, और लाभार्थी चयन की प्रक्रिया शामिल रही।किसानों ने विद्युत बिल अधिक आने की समस्या उठाई। किसानों की मांग थी कि गांवों में बिजली विभाग द्वारा कैंप लगाकर बिलों को सही किया जाए। साथ ही, केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) बनवाने में बैंकों द्वारा सहयोग न किए जाने की शिकायत भी सामने आई। इन शिकायतों पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने स्वयं संज्ञान लेते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय में समाधान करें और उसकी रिपोर्ट जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड करें, साथ ही एक हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में भी जमा कराएं।कार्यक्रम के अंत में उप निदेशक कृषि प्रमोद कुमार सिरोही ने सभी उपस्थित किसानों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार तेवतिया, जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया, सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।















