मुजफ्फरनगर जिले के थाना भोपा क्षेत्र में एक युवती के साथ हुई शर्मनाक घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मामला उस समय सामने आया जब पीड़िता ने थाना भोपा में लिखित तहरीर दी, जिसमें बताया गया कि वह अपने छोटे भाई के साथ कस्बा मोरना स्थित एक क्लीनिक पर उपचार के लिए गई थी। क्लीनिक पर मौजूद डॉक्टर वीरपाल सहरावत ने इलाज के बहाने उसे केबिन में बुलाया और वहां अश्लील हरकतें करने लगा। पीड़िता के अनुसार, डॉक्टर ने शारीरिक चेकअप के नाम पर गलत तरीके से छूने की कोशिश की और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया।इस गंभीर प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई की। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भोपा और थाना प्रभारी भोपा की टीम ने आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद थाना भोपा पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपी डॉक्टर वीरपाल सहरावत को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की।पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस घटना से महिलाओं की सुरक्षा और चिकित्सा पेशे की गरिमा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने विश्वास दिलाया है कि इस प्रकार के कृत्य करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।















