अलवर जिले के राजगढ़ उपखंड के दुब्बी भजेड़ा गांव में आयोजित दो दिवसीय मीन भगवान मेले का शुभारंभ आस्था और उल्लास के साथ हुआ। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मेले में पहुंचकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह मेला आध्यात्मिक परंपरा, सांस्कृतिक समरसता और धार्मिक एकता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मीन भगवान का यह पवित्र तीर्थ स्थल लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है और मेले के आयोजन से इस तीर्थ की महत्ता अक्षुण्ण बनी रहती है।
जूली ने कहा कि पद दंगल, विशाल भंडारा और धार्मिक आयोजन समाज में समरसता, सहयोग और भाईचारे को प्रोत्साहित करते हैं। यह मेला न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से भी लोगों को जोड़ने का कार्य करता है।
पर्यावरण दिवस के अवसर पर टीकाराम जूली ने मीन भगवान मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कर आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण के दौर में वृक्षारोपण एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसे जन आंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि व मंदिर ट्रस्ट के सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भाग लिया और मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद उठाया।















