मुजफ्फरनगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरकाजी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। उच्च अधिकारियों के निर्देश और पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली कि भारी मात्रा में डोडा पोस्त लाकर दो व्यक्ति इलाके में छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने धमात नहर पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी गई, जिसमें एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।पकड़े गए तस्कर के कब्जे से 851.63 किलोग्राम (करीब 8 क्विंटल 51 किलो) डोडा पोस्त, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, तिरपाल और एक बैग में रखे गए 10 लाख 540 रुपये नगद बरामद किए गए। बरामद नशे की कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना पुरकाजी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अब फरार दूसरे व्यक्ति की तलाश में जुटी है। यह कार्रवाई क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।















