बांदा में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा इंदिरा गांधी सभागार में संगठन सृजन को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित की अध्यक्षता में हुई, जिसमें प्रदेश से पहुंचे जिला कोऑर्डिनेटर संतराम नीलांचल और ब्रजराज मौजूद रहे। बैठक में राजेश दीक्षित ने कहा कि वह जिले से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती के लिए दिन-रात कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ता अपने दायित्वों का सही निर्वहन करेंगे तो कांग्रेस 2027 में सरकार बनाएगी।
वरिष्ठ नेता साकेत बिहारी मिश्र ने ग्राम पंचायत स्तर तक संयुक्त टीमों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। मुमताज अली ने ईमानदार और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिला कमेटी में शामिल करने की बात कही। एआईसीसी के रमेशचंद्र कोरी ने नरैनी विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। संकटा प्रसाद त्रिपाठी ने राहुल गांधी की नीतियों से प्रभावित होकर जनता के कांग्रेस से जुड़ने की बात कही।
कोऑर्डिनेटर संतराम नीलांचल ने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं का मूल्यांकन कर रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी। ब्रजलाल अहिरवार ने कहा कि निष्क्रिय प्रकोष्ठ पदाधिकारियों को बदला जाएगा और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलेगी। इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदुम्म कुमार दुबे, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष द्वारकेश यादव, बलदेव वर्मा, मोहम्मद इदरीश, कालीचरण निगम सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन संजय द्विवेदी ने किया।















