बांदा में जिलाधिकारी जे0रीभा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने शासकीय अधिवक्ताओं और अभियोजन अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपराधिक मामलों में प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक अपराधियों को सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी अपराधी बिना सजा के नहीं छूटेगा। इसके साथ ही उन्होंने गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और प्रभावी पैरवी करने पर जोर दिया। बैठक में महिला अपराध, गैंगस्टर एक्ट के मुकदमों, विद्युत संबंधी मामलों तथा अन्य कानून व्यवस्था से जुड़े प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को लोक अदालतों में भी अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। निस्तारित वादों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस के साथ समन्वय कर कार्रवाई तेज करने को कहा। डीजीसी को वादों के निस्तारण में प्रगति लाने के भी निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी और शासकीय अधिवक्ता बैठक में मौजूद थे।















