रामगढ़ के करौली खालसा स्थित बाबा गिरवर नाथ जी मंदिर में 20 मई को विशाल भंडारा

रामगढ़ (अलवर) के करौली खालसा में स्थित बाबा गिरवर नाथ जी महाराज मंदिर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 20 मई 2025 को भव्य भंडारे का आयोजन होगा। यह आयोजन मंदिर के वर्तमान महंत बाबा नंदलाल जी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा। मंदिर विकास समिति के सदस्य एडवोकेट मोहित जैन ने बताया कि भंडारे की पूर्व संध्या को महाआरती, सत्संग एवं कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य दिन 20 मई को प्रातः मंदिर में विशेष महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात भक्त बाबा के भजनों का गुणगान करेंगे। सुबह 10 बजे बाबा को प्रसाद का भोग अर्पित किया जाएगा, तत्पश्चात विशाल भंडारे की शुरुआत होगी, जिसमें लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है।

करीब 50 वर्ष पूर्व गृहस्थ जीवन का त्याग कर बाबा गिरवर नाथ जी महाराज ने साधु जीवन अपनाया था। उन्होंने रामगढ़ कस्बे के रईस हनुमान जी मंदिर पर 40 दिन की कठोर साधना की, जिसके पश्चात उन्होंने करौली खालसा में भगवान शिव का मंदिर बनवाया और वहीं तप में लीन हो गए। राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु उनके दर्शन को आते रहे हैं।

बाबा के समाधि ग्रहण करने के बाद गुरु गद्दी पर पहले बाबा पृथ्वीनाथ जी महाराज विराजमान हुए और फिर वर्तमान महंत बाबा नंदलाल जी महाराज ने उनकी परंपरा को आगे बढ़ाया। आज यह स्थल ‘बाबा गिरवर नाथ जी तपोभूमि करौली खालसा’ के नाम से प्रसिद्ध है।

यह आयोजन भक्तों की आस्था और बाबा की दिव्यता का प्रतीक है, जिसमें शामिल होकर भक्त आध्यात्मिक सुख और शिव कृपा की अनुभूति करेंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts