जनपद बांदा में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के जश्न में भारतीय जनता पार्टी ने विशाल तिरंगा शौर्य यात्रा निकाली। यह यात्रा राइफल क्लब मैदान चौराहे से प्रारंभ हुई, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यकर्ताओं के हाथों में एक ओर तिरंगा तो दूसरी ओर भाजपा का झंडा था। देशभक्ति से ओतप्रोत यह यात्रा जोश और उत्साह का प्रतीक बन गई।शहर के कंचनपुरवा क्षेत्र से भाजपा नेता श्याम मोहन धुरिया के नेतृत्व में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान वंदेमातरम और भारत माता की जय के जयघोष गूंजते रहे। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत भारत ने 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर उन्हें ध्वस्त किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सैन्य सफलता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है।यात्रा में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममनी वर्मा, जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत, धर्मेंद्र त्रिपाठी, श्याम मोहन धुरिया, मोहित गुप्ता, विक्की गुप्ता, सुरेश साहू, अभय सिंह प्रिंस, वंदना गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए।















