राजस्थान के अलवर जिले के सूर्य नगर स्थित बालिका अल्पसंख्यक छात्रावास में छात्राओं को जबरन बाहर निकालने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रावास की वार्डन मंजू मीणा छात्राओं पर छात्रावास खाली करने का दबाव बना रही हैं। छात्राओं ने बताया कि जब उन्होंने जाने से इनकार किया, तो उन्हें धमकाया गया कि उनका बिजली-पानी और भोजन बंद कर दिया जाएगा।
इतना ही नहीं, वार्डन द्वारा यह भी कहा गया कि यदि छात्राएं छात्रावास नहीं छोड़तीं, तो उनकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी। इस मानसिक प्रताड़ना और असुरक्षा की स्थिति से परेशान होकर बड़ी संख्या में छात्राएं शुक्रवार को अपर जिला सत्र न्यायाधीश से मिलने पहुंचीं। उन्होंने न्याय की गुहार लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
छात्राओं ने यह भी कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो उनका भविष्य अंधकारमय हो सकता है। उन्होंने जिला कलेक्टर से भी शिकायत की है और छात्रावास में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।















