अलवर जिले के मुंडावर तहसील में भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जयपुर एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी अलवर प्रथम ने हल्का पटवारी अशोक कुमार को एक हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।एसीबी को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी भाभी के बच्चों के नाम विरासत का इंतकाल खोलने के लिए पटवारी अशोक कुमार 2000 रुपये की रिश्वत मांग रहा है। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पहले ही परिवादी से 500 रुपये ले चुका था और सत्यापन के समय और 500 रुपये की रिश्वत ली थी।
बाद में बचे हुए एक हजार रुपये लेते समय एसीबी टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी एएसपी महेन्द्र कुमार के नेतृत्व में एवं डीआईजी पुलिस (चतुर्थ) अनिल कयाल के सुपरविजन में की गई।पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में व्याप्त रिश्वतखोरी के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।















