जयपुर जिले के सांगानेर ग्रामीण क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र कुमार को 4000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी जयपुर नगर द्वितीय की टीम ने ACB मुख्यालय के निर्देश पर की।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने जानकारी दी कि आरोपी सुरेन्द्र कुमार ने एक स्कूल संचालक से यूडाईस कोड आवेदन पत्र में संशोधन कर बच्चों का रिकॉर्ड अपलोड कराने के बदले कुल 15,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। परिवादी से आरोपी ने पहले ही 10,000 रुपये और सत्यापन के दौरान 1000 रुपये ले लिए थे।शिकायत की पुष्टि होने पर, एसीबी जयपुर रेंज द्वितीय के उप महानिरीक्षक राजेश सिंह के सुपरवीजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश किलानिया के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक छोटीलाल व अन्य अधिकारियों की टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और एसीबी द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।















