मालाखेड़ा कस्बे में स्थित श्याम मंदिर पर मंगलवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह महाआरती के बाद श्रद्धालुओं का मंदिर में आना-जाना शुरू हो गया। रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित मंदिर पर हजारों भक्तों ने पहुंचकर बाबा के दर्शन किए। विशेष बात यह रही कि एक नवविवाहित जोड़ा विवाह के अगले ही दिन आशीर्वाद लेने मंदिर पहुंचा। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में प्रसाद की दुकानें, खिलौनों के स्टॉल और ठंडे मीठे जल की प्याऊ सजाई गईं। वैशाख शुक्ल एकादशी के अवसर पर दूर-दराज के गांवों जैसे मुंडिया, जमालपुर, मिर्जापुर, ढकपुरी, लिली, कलसाडा, श्याम गंगा, पृथ्वीपुरा और बिजवाड़ नरूका से बड़ी संख्या में महिलाएं पैदल चलकर मंदिर पहुंचीं। उन्होंने खिल, मखाने, नारियल व फल-फ्रूट का प्रसाद अर्पित कर भोग लगाया। महिला श्रद्धालुओं ने बताया कि वे प्रत्येक ग्यारस को यहां आकर पूजा करती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। मंदिर परिसर में वातावरण भक्तिभाव से सराबोर रहा और क्षेत्र में सुख-शांति बनी रहे, इस कामना के साथ पूजा अर्चना की गई।















