गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार होने वाली मॉक ड्रिल को लेकर मुजफ्फरनगर का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने सीएमएस, डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ इस संबंध में एक अहम बैठक की और सभी को सतर्क रहने के निर्देश दिए। मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों और डॉक्टरों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।इसके अलावा, दर्जनों एंबुलेंसों को पूरी तरह तैयार रखा गया है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके। जिला अस्पताल में एक वार्ड को घायलों के लिए आरक्षित कर दिया गया है। ड्रग्स विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है और सभी आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।सीएमओ ने जिले के विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए स्पष्ट निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की यह सक्रियता जिले में संभावित आपदा से निपटने की पूरी तैयारी का संकेत है।















