कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से देशभर में शोक की लहर है। वाइड यूनिटी राइट ह्यूमन एसोसिएशन की टीम ने उप जिला अधिकारी से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक पत्र सौंपा।
मुहम्मद मुबीन ने इस हमले पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमला केवल पर्यटकों पर नहीं, बल्कि पूरी इंसानियत पर हुआ है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि जो लोग इस घटना में मारे गए या घायल हुए हैं, हम उनके परिवारों के दुख में बराबर के सहभागी हैं और उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
एसोसिएशन की टीम ने उप जिला अधिकारी से मिलकर प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसमें आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की गई है। ज्ञापन में मुख्य रूप से चार मांगें रखी गई हैं: आतंकवाद को जड़ से खत्म करने और हमलावर आतंकियों को कठोर सजा व मृत्युदंड देने की मांग, जम्मू-कश्मीर में यात्रियों के लिए स्थाई सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग, मृतकों के परिवारों को उचित सहायता व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग और घायलों को 10-10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग।
ज्ञापन सौंपते समय वाइड यूनिटी राइट ह्यूमन एसोसिएशन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुहम्मद मुबीन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, नफीस मलिक सदस्य एवं ग्राम प्रधान पलडा, अलाउद्दीन सदस्य, शमशेर सदस्य, मोहम्मद शाहवेज सदस्य, निसार अहमद सदस्य एवं बीडीसी मेंबर पलडा शामिल रहे।















