मुजफ्फरनगर में अवैध शस्त्र निर्माण और विक्रय करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बुढ़ाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के पर्यवेक्षण में तथा क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और प्रभारी निरीक्षक बुढ़ाना आनन्द देव मिश्र के नेतृत्व में 8 अप्रैल 2025 को कार्रवाई की गई। थाना बुढ़ाना पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि बुढाना से सफीपुर की ओर राजकीय इंटर कॉलेज से आगे जंगल में बनी एक टयूबवेल के पीछे खंडहर में अवैध शस्त्रों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा और मौके से अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। मौके से भारी मात्रा में बने और अधबने अवैध शस्त्रों के साथ शस्त्र निर्माण के उपकरण भी बरामद किए गए। इस मामले में थाना बुढ़ाना पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।















