मुजफ्फरनगर में आगामी होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में थानाक्षेत्र नई मंडी के ग्राम तिगाई में होलिका दहन स्थल का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहां उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और धर्मगुरुओं से संवाद कर अपील की गई कि सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखें। समाज में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों या किसी भी प्रकार की आपराधिक/अवांछित गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई। साथ ही, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई। इस निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।















