मुजफ्फरनगर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन नुमाइश मैदान में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक बुढ़ाना राजपाल सिंह बालियान ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

विधायक ने 209 ट्राई साइकिल, 42 व्हीलचेयर, 32 जोड़ी बैसाखी, 4 स्मार्ट केन, 3 कान की मशीन और एक ब्रेल लिपि किट सहित कुल 291 उपकरणों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीब और असहाय व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है, जो सराहनीय कार्य है।
उन्होंने विभागीय योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही, सुझाव दिया कि ऐसे कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉक्टर राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत ताराचंद डिग्री कॉलेज की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर की गई।















