शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया के निर्देशन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार एवं जिला समन्वयक सुशील कुमार द्वारा “हमारा आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि ऐसे आयोजन निश्चित रूप से निपुण भारत मिशन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि निपुण भारत मिशन के तहत लक्ष्य की प्राप्ति के लिए 3 से 8 वर्ष के सभी बच्चों को लर्निंग आउटकम के माध्यम से शिक्षित किया जाना चाहिए। स्कूल रेडीनेस कार्यक्रम को 12 सप्ताह तक प्रभावी रूप से संचालित करने वाले 40 शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, 20 बच्चों को स्कूल बैग, स्टेशनरी किट और प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान “हम तैयार हैं” डॉक्यूमेंट्री वीडियो और वंडर बॉक्स कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिला समन्वयक सुशील कुमार ने सभी शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अभिभावकों से इस पहल को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की, ताकि हर बच्चा निपुण और आत्मनिर्भर बन सके। इस अवसर पर नोडल एसआरजी रश्मि मिश्रा, उषा रानी, विनीत कुमार, अंकुर कुमार, जिला समन्वयक अंकित कुमार, एआरपी और सीडीपीओ समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















