औरैया के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में मां तुलसी स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित अन्नदा कैंटीन का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश संजीव कुमार और जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने फीता काटकर किया। यह पहल देवकली मंदिर ट्रस्ट, आकांक्षा समिति और जिला प्रशासन के संयुक्त सहयोग से की गई। उद्घाटन समारोह में अधिकारियों ने कहा कि इस कैंटीन के संचालन से समूह की महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा।

जनपद न्यायाधीश ने कैंटीन संचालित करने वाली महिलाओं से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है, अब महिलाओं की जिम्मेदारी है कि वे कैंटीन का बेहतर संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य रोजगार को बढ़ावा देना और न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों को सुलभ एवं उचित मूल्य पर भोजन उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण स्वाति चंद्रा, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) महेंद्र पाल सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद राम आसरे कमल सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















