मालाखेड़ा उपखंड क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु मुंडिया गांव से महाकुंभ प्रयागराज, चित्रकूट, अयोध्या धाम सहित अन्य सनातन संस्कृति के दर्शनीय स्थलों पर पूजा-अर्चना कर अपने गांव लौटे।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मुंडिया गांव स्थित राधा कृष्ण मंदिर में हवन-पूजन किया, जिसमें सामूहिक रूप से आहुति प्रदान की गई। इसके बाद भगवान राधा कृष्ण को मालपुए का प्रसाद अर्पित किया गया और इस मार्ग से गुजरने वाले सभी लोगों को प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर गांव के पंडित बाबूलाल शर्मा, राजकुमार शर्मा, गणपत सिंह, विक्रम सिंह, महेश सिंह, महेंद्र सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सेवा कार्य किया। स्कूली बच्चों को भी मालपुए का प्रसाद ग्रहण कराया गया। राजकुमार शर्मा ने बताया कि महाकुंभ प्रयागराज और अयोध्या धाम के दर्शन कर सभी श्रद्धालु वापस लौटे हैं। इस खुशी में फाल्गुन कृष्ण पक्ष अमावस्या के अवसर पर प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया।















