औरैया:गोपाल वाटिका में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भक्तिमय माहौल, श्रद्धालुओं ने झूमकर मनाया उत्सव

औरैया शहर के आर्यनगर स्थित गोपाल वाटिका में चल रहे सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ समारोह के चौथे दिन अंतर्राष्ट्रीय कथाकार आचार्य सरल जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, राम जन्म, प्रहलाद चरित्र, भरत चरित्र और वामन चरित्र के प्रसंग सुनाकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा और भक्ति के माहौल में फूलों की वर्षा होने लगी। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और नाचते नजर आए।

कथाकार ने बताया कि मनुष्य के जीवन में अच्छे और बुरे दिन भगवान की कृपा पर निर्भर होते हैं। उन्होंने राजा परीक्षित और शुकदेव के संवाद का वर्णन करते हुए बताया कि जब-जब धर्म की हानि होती है, तब भगवान सज्जनों के कल्याण और राक्षसों के नाश के लिए अवतार लेते हैं। कथा में श्रीकृष्ण जन्म के दौरान की घटनाओं का चित्रण किया गया, जिसमें जेल के ताले टूटना, पहरेदारों का सो जाना, वासुदेव और देवकी का बंधन मुक्त होना, और वासुदेव द्वारा श्रीकृष्ण को गोकुल पहुंचाना शामिल था।

कृष्ण जन्मोत्सव पर नंद घर के आनंद और भक्तों के उत्साह ने समां बांध दिया। कथाकार ने यह संदेश दिया कि मनुष्य को माया के बंधन से बचकर भगवान की भक्ति में लीन रहना चाहिए। इस पावन अवसर पर परीक्षित मीना चतुर्वेदी, अदित्य चतुर्वेदी, कृष्ण चंद्र सावरन, रवि चतुर्वेदी, रिकसूदन दीक्षित, मिंटू शुक्ला और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts