मुजफ्फरनगर जिले के ग्राम जटमुझेडा में विधानसभा विधायक मिथलेश पाल और प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल का भव्य स्वागत किया गया। यह उनका विधायक बनने के बाद पहली बार गांव में आगमन था। स्वागत समारोह का आयोजन मंडल अध्यक्ष हरेन्द्र पाल के नेतृत्व में किया गया, जिसमें ग्रामवासियों ने सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ ढोल-नगाड़ों के बीच जोशीला जुलूस निकाला। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने ट्रैक्टर चलाकर इस यात्रा की शुरुआत की। जनसभा के दौरान ग्रामवासियों ने विधायक मिथलेश पाल का माला पहनाकर अभिनंदन किया। मंत्री कपिल देव ने भी मिथलेश पाल को सम्मानित करते हुए गन्ना समिति में निर्विरोध डायरेक्टर चुने जाने पर प्रेमपाल को बधाई दी। मंत्री कपिल देव ने अपने संबोधन में मीरापुर उपचुनाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “बटोगे तो कटोगे” नारे की व्याख्या की। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने का कार्य सपा, बसपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों ने किया है, जबकि भाजपा ने समाज को एकजुट कर विकास की दिशा में काम किया। उन्होंने जातिगत विभाजन से बचते हुए एकजुट होकर वोट करने की अपील की। इस कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष हरेन्द्र पाल, प्रधान प्रवीण सैनी, भाजपा नेता जितेन्द्र कुच्छल, देशबंधु तोमर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।















