अलवर- राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय जिला अलवर के जिला मंत्री जगरुप सिंह ने बताया कि संगठन जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चंचल कुमार शर्मा के सानिध्य में परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर अलवर बीना माहवार को ज्ञापन देकर दिनांक 01 दिसंबर से 03 दिसंबर तक दो पारियों में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर द्वारा आयोजित होने वाली परीक्षा में वीक्षकों की ड्यूटी एक पारी में लगाने का आग्रह किया। संगठन ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को बताया कि प्रातः 9:00 से 12 तक और 2:30 से 5:30 तक चलने वाली परीक्षा में वीक्षकों को लगातार ड्यूटी से अत्यंत थकान हो जाती है। जबकि वीक्षकों को परीक्षा से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच कर परीक्षा संपादित करने में सहयोग कर परीक्षा समाप्त होने के आधा घंटे तक रुकना पड़ता है। इस तरह एक वीक्षक को लगातार कम से कम 11 घंटे की ड्यूटी करनी पड़ती है। शिष्टमंडल ने यह भी सुझाव दिया कि महिला शिक्षकों की ड्यूटी पहली पारी में ही लगाईं जाये क्योंकि दूसरी पारी सायं 5:30 बजे समाप्त होगी। जब तक अंधेरा होने से दूर से आई महिला शिक्षकों को घर पहुंचने में व्यवहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। अतिरिक्त जिला कलक्टर व जिला प्रभारी ने ध्यान से शिष्ट मंडल की बात सुनी व सकारात्मक रुख अपनाने का विश्वास दिलाया। शिष्टमंडल में चंचल कुमार शर्मा,राजेंद्र तिवारी,प्रदीप मीणा,हिमांशु शर्मा,योगेश यादव, यश भारद्वाज व सुनील जैन आदि रहे।















