अमेठी सिटी। पुलिस ने बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया। इस अभियान की बागडोर स्वयं एसपी अनूप कुमार सिंह ने संभाली। उन्होंने गौरीगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा पहुंच कर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाएं देखीं।
एसपी ने बैंक शाखा के सीसीटीवी कैमरे, अलार्म, सुरक्षा ड्यूटी आदि को परखा। इसके अलावा एसपी के निर्देश पर पूरे जिले में पुलिस ने बैंकों की चेकिंग की। एएसपी हरेंद्र प्रताप ने गौरीगंज स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने बैंक शाखा के अफसरों को आवश्यक निर्देश भी दिए। फुरसतगंज पुलिस ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक, बाजार स्थित बड़ौदा यूपी बैंक, पंजाब नेशनल, जिला सहकारी बैंक पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की। बैंक के अंदर अनावश्यक मौजूद लोगों को फटकार लगाई।
शाखा प्रबंधकों से बैंक में लगे सुरक्षा उपकरणों की जानकारी ली। इसी तरह क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों ने भी अपने क्षेत्रों में अलग-अलग बैंक शाखाओं में जाकर सुरक्षा व्यवस्था की जांची। जांच के दौरान बैंक के अंदर तथा बाहर व एटीएम के आसपास खड़े संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जानकारी ली। बैंक में मौजूद लोगों को धन निकासी व जमा करने के दौरान सतर्क रहने की सीख दी। बैंक कर्मियों को संदिग्ध दिखने पर सूचना देने की बात कहते हुए सीसीटीवी व सायरन के क्रियाशीलता का परीक्षण किया। सुरक्षा में लगे गार्ड व पुलिस कर्मियों को सतर्क होकर निगरानी करने के निर्देश दिए।















