गाजियाबाद. देशभर में होलिका दहन चल रहा है, राजधानी दिल्ली-सीमा से सटे शहर में लोग होलिका दहन के बाद एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगा रहे थे. उसी दौरान एक युवक आया और दौड़ता हुआ ‘प्रहलाद आया-प्रहलाद आया’ चिल्लाता रहा.
इसी दौरान उसने ऐसा काम कर डाला, जिससे वहां खड़े लोग सन्न रहे गए.
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की घटना है. पुलिस के अनुसार संजय नगर स्थित गुलधर के पास होली जल रही थी. उसी दौरान पास में रहने वाला भगवान दास खुद को प्रहलाद बताने लगा और होलिका दहन के साथ जलने की कोशिश करने लग रहा. वहां मौजूदा लोग बार बार उसे रोकते रहे और समझाते रहे. लेकिन वो नहीं माना. इसी दौरान उसे मौका मिला और दौड़कर दहकती होली में कूद पड़ा. जिससे वो बुरी तरह झुलस गया.
इस दौरान वहां भगदड़ मच गयी. लोगों ने बड़ी मुश्किल से किसी तरह उसे आग से खींचकर बाहर निकाला. एंबुलेंस को फोनकर बुलाया गया और संजय नगर स्थित संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर गौरव कुमार के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद भगवान दास की गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर किया गया है.















