संभल। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक रविवार सुबह श्री कल्कि मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना कर भगवान श्री कल्कि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद रामलीला मैदान स्थित भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल के आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व सीएम निशंक ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के रिजल्ट को लेकर पूरे देश के लोगों ने पहले ही अपने मन में बसा लिया है।
निशंक ने कहा कि सबका विकास, सबका विश्वास और अब सबके प्रयास से। देश अंतिम छोर के व्यक्ति के विकास की चिंता कर रहा है। वहीं देश पूरी दुनिया के शीर्ष पर जाने को छलांग लगा रहा है। देश दुनिया की सबसे तेज दौड़ने वाली अर्थव्यवस्था है। पूरी दुनिया इस बात को मानती है। विकसित देशों को भी इस बात का अहसास है कि नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हिंदुस्तान पूरे दुनिया में छाने वाला है। सभी पार्टी के लोग यह महसूस करते हैं कि अगला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही होना है। इसलिए कोई भी अपना वोट खराब नहीं करना चाहता है। मुझे इस बात की खुशी है। मैंने संभल लोकसभा का प्रवास किया है। अमरोहा,रामपुर, मुरादाबाद लोक सभा का भी प्रवास कर रहे हैं। यहां सब एक तरफा माहौल है। लोग रिकार्ड तोड़ने को तैयार है। वह भाजपा के पक्ष में मंडल की सभी छह सीटों को प्रचंड बहुमत से जीताकर संसद में भेजने को तैयार है। निशंक ने कहा कि राहुल गांधी की जुबान फिसल जाती है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सोच समझकर बोलें। सरकार भाजपा की ही बनेगी। वह भी 400 पार सीटों के साथ। इनके साथ उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य राज्य मंत्री जसवंत सैनी व जिलाध्यक्ष हरेंद्र चौधरी मौजूद रहे।















