मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की ओर से शहर के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए 9 नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को व्हीलचेयर प्रदान की गईं। इस अवसर पर टाउन हॉल परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका के कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर पालिका परिषद हमेशा जनहित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को सुविधाजनक उपचार मिलना प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में स्वास्थ्य विभाग को जो भी सहयोग आवश्यक होगा, नगर पालिका परिषद हर संभव मदद के लिए तैयार रहेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने नगर पालिका परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज आते हैं, जिनमें वरिष्ठ नागरिक और कमजोर मरीज भी शामिल होते हैं। ऐसे में व्हीलचेयर की उपलब्धता से उन्हें काफी राहत मिलेगी और इलाज की प्रक्रिया अधिक सुगम हो सकेगी। उन्होंने नगर पालिका द्वारा किए गए इस सहयोग को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। नगर पालिका परिषद द्वारा जिन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को व्हीलचेयर दी गईं, उनमें साउथ सिविल लाइन, आदर्श कॉलोनी, गांधीनगर, वहलना, अलमासपुर, गोकुल सिटी, जनकपुरी, वसंत विहार और अवध विहार स्थित केंद्र शामिल हैं।
कार्यक्रम का संचालन नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शाही ने किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है और इस तरह की पहल उसी दिशा में एक सकारात्मक कदम है। इस मौके पर जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर प्रवीन पाल, अश्वनी कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने इस पहल की सराहना की और इसे जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया।























































