बांदा। मोहब्बत, धोखा और मौत.मुंबई की एक फैक्ट्री में शुरू हुआ 9 साल पुराना प्रेम प्रसंग बांदा में आकर खौफनाक मौत में बदल गया। प्रेमी से मिलने सुल्तानपुर से बांदा आई एक महिला ने नरैनी बस स्टैंड पर जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी।मामला नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नकटी खेड़ा गांव का है। गांव का रहने वाला दिनेश मुंबई के उल्हासनगर में एक फैक्ट्री में काम करता था। वहीं सुल्तानपुर जिले के अड़ियाल बिरानी गांव की रहने वाली शीला (30) पत्नी छोटू भी काम करती थी। फैक्ट्री में काम करते-करते दोनों के बीच करीब 9 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि शीला का दिनेश के गांव वाले घर पर आना-जाना लगा रहता था। इस बात का दिनेश की पत्नी मैना कड़ा विरोध करती थी। मैना ने तो इसको लेकर थाने में शिकायत भी की थी, जिसके बाद पुलिस गांव पहुंची थी और दोनों को समझाया भी था। अष्टमी के दिन दिनेश मुंबई से अपने गांव नकटी खेड़ा आया था।
इसकी खबर मिलते ही नवमी के दिन प्रेमिका शीला भी उससे मिलने सुल्तानपुर से सीधे बांदा आ गई। शीला को गांव में देखकर पत्नी मैना आग बबूला हो गई और उसने फिर पुलिस से शिकायत कर दी। विवाद बढ़ता देख दिनेश आनन-फानन में शीला को नरैनी बस स्टैंड छोड़ने गया। बस स्टैंड पर ही प्रेमी से बिछड़ने के गम और पत्नी द्वारा विरोध से आहत होकर शीला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। देखते ही देखते उसकी हालत बिगड़ी और वहीं उसकी मौत हो गई। नरैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 9 साल के प्रेम का ऐसा दर्दनाक अंत देखकर हर कोई हैरान है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।















