मुजफ्फरनगर की धरती एक बार फिर गौरवान्वित हुई है, जब इंटरनेशनल कराटे अकेडमी इंडिया के होनहार खिलाड़ी अयान ने महज 15 सेकंड में 35 क्लैप पुश-अप्स लगाकर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। यह असाधारण उपलब्धि कराटे जगत के लिए न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश और पूरे देश के लिए गर्व का विषय भी है। कराटे के क्षेत्र में समर्पित 43 वर्षों से कार्य कर रहे इंटरनेशनल कराटे अकेडमी इंडिया के डायरेक्टर वेदप्रकाश शर्मा ने अयान की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसे कराटे अकेडमी में पदक एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कराटे प्रशिक्षक और वेदप्रकाश शर्मा के पुत्र सैंनसाई अभिषेक शर्मा ने बताया कि यह रिकॉर्ड हमारी अकेडमी में वर्षों से दी जा रही कठोर प्रशिक्षण पद्धति और खिलाड़ियों की मेहनत का ही नतीजा है। उन्होंने बताया कि आर्यपुरी स्थित कराटे अकेडमी में जैपनीज एडवांस तकनीक पर आधारित प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां न केवल बच्चों और लड़कियों को आत्मरक्षा के आधुनिक गुर सिखाए जाते हैं, बल्कि ब्लैक बेल्ट खिलाड़ियों को विशेष रूप से अनुशासित और कठिन प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
अयान से पहले भी अकेडमी के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय एवं साउथ एशिया कराटे कप में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। हाल ही में ब्लैक बेल्ट खिलाड़ी सार्थक आर्य ने यूरोप में आयोजित वर्ल्ड कराटे लीग में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर भारत का परचम लहराया था। इसी श्रृंखला में अयान की उपलब्धि ने कराटे अकेडमी के गौरव को और बढ़ा दिया है।
इस अवसर पर कराटे डायरेक्टर वेदप्रकाश शर्मा और कोच अभिषेक शर्मा ने अयान को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि वह आगे भी इसी तरह भारत का नाम वैश्विक मंच पर रोशन करता रहेगा। अयान की यह सफलता जिले के युवाओं को खेलों और विशेष रूप से कराटे में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।















