मुजफ्फरनगर में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में तहसील सदर के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, आरएम रोडवेज, नगर पंचायत, श्रम विभाग, पेंशन, विद्युत विभाग और सड़क से जुड़ी कुल 54 शिकायतें प्राप्त हुईं।
अपर जिलाधिकारी ने शिकायत रजिस्टर का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं से फोन पर वार्ता कर फीडबैक लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस और आइजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी स्तर पर लापरवाही या शिकायत लंबित पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि शिकायत कंप्यूटर पर अपलोड करने से पहले उसे अच्छी तरह पढ़ा जाए।
54 में से 3 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया, जबकि शेष शिकायतों को विभागीय अधिकारियों को संदर्भित किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से संतोषजनक फीडबैक लें और स्थल का फोटो भी उपलब्ध कराएं।
समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सदर निकिता सहित विभिन्न जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।















