सम्पूर्ण समाधान दिवस में 30 शिकायतें, 3 का मौके पर निस्तारण,

मुजफ्फरनगर जनपद की तहसील जानसठ के सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्युत, समाज कल्याण, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, नगर पंचायत, राजस्व, श्रम विभाग, पेंशन, सड़क तथा पुलिस प्रशासन से संबंधित कुल 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण संबंधित विभाग के अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी शिकायत का समाधान संभव न हो, तो शिकायतकर्ता को उसकी जानकारी पारदर्शिता के साथ दी जाए। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण, संतोषजनक और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए।इसके साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के समाधान के बाद संबंधित व्यक्ति से फीडबैक अवश्य लिया जाए और मौके की फोटो भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।

समाधान दिवस के दौरान उप जिलाधिकारी जानसठ रश्मि लांबा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार तेवतिया, तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन की सक्रियता और जवाबदेही स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts