चुनाव आयोग की तरफ से ‘विशेष सघन पुनरीक्षण’ के खिलाफ विपक्ष पहले से हमलावर है. अब कांग्रेस ने कल 26 नवंबर को संविधान रक्षा मार्च निकालने का ऐलान किया है. यह मार्च कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा देशभर में निकाला जाएगा. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ में आयोजित मार्च में शामिल होंगे. कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसकी जानकारी दी.वेणुगोपाल ने कहा, ‘लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ के दस्तावेजी सबूत देश के सामने रखे हैं. महादेपुरा में फर्जी और डुप्लिकेट प्रविष्टियां, अलंद में हजारों असली मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की सुनियोजित कोशिशें, और हरियाणा तथा अन्य राज्यों में गंभीर अनियमितताएं, ये सब चुनावी सूचियों में बड़े पैमाने पर की गई सुनियोजित हेराफेरी को दर्शाती हैं.
13 करोड़ से ज्यादा नाम कटने का दावा
उन्होंने एसआईआर पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार चुनाव से कुछ महीने पहले, निर्वाचन आयोग ने चुनावी सूचियों का ‘विशेष सघन पुनरीक्षण’ (SIR) शुरू किया. दूसरे चरण में यह प्रक्रिया 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक फैल गई, और तीसरे चरण में 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंच गई.केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि अब तक 13 करोड़ से ज्यादा नाम हटाए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि अकेले बिहार की ड्राफ्ट मतदाता सूची से 65 लाख से अधिक नाम हटा दिए गए, और तीनों चरणों को मिलाकर अब तक 13 करोड़ से ज्यादा नाम हटाए जा चुके हैं. इससे सबसे ज्यादा खतरा गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, प्रवासी मजदूरों और शादी के बाद अपना घर बदलने वाली महिलाओं को है.
नियुक्ति प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
वेणुगोपाल ने चुनाव आयुक्तों का चयन करने वाली कमेटी पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि कानून में संशोधन करके मुख्य न्यायाधीश को चुनाव आयुक्तों की चयन समिति से हटा दिया गया, जिससे चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में सरकार का निर्णायक दखल हो गया. इसके अलावा, एक और संशोधन के जरिए चुनाव आयुक्तों को उनके आधिकारिक कार्यों के लिए इम्युनिटी दे दी गई.
कांग्रेस ने एलान किया है कि मार्च की शुरुआत डॉ. बी.आर. अंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास से होगी. पार्टी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक मिलकर प्रस्तावना पढ़ेंगे. इस दौरान वे न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे उन मूल्यों को याद करेंगे जिन्हें संविधान में शामिल किया गया है, और संविधान की रक्षा करने की शपथ लेंगे.कांग्रेस ने कहा कि उनके कार्यकर्ता हर बूथ तक जाएंगे और उन मतदाताओं की पहचान करेंगे जिनके नाम सूची से हटा दिए गए हैं. पार्टी ने दावा किया है कि वह ऐसे लोगों को वोट देने का अधिकार वापस दिलाने में मदद करेगी.















