मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति 2025 के अंतर्गत आईटीआई परिसर में प्रस्तुतीकरण एवं संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। संगोष्ठी में एलईडी के माध्यम से नीति से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण ने की। डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि जनपद में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और इस नीति के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को पर्यटन से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि जिले के अधिक से अधिक गांवों को ग्रामीण पर्यटन योजनाओं से जोड़ा जाए, जिससे आर्थिक विकास को गति मिले।
युवा मोर्चा रालोद के जिलाध्यक्ष विदित मलिक ने प्रदेश सरकार द्वारा नीति लागू किए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे गांवों में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय संस्कृति को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। सीएम फेलो आदित्य त्यागी ने नीति का विस्तार से प्रस्तुतीकरण करते हुए पंजीकरण प्रक्रिया, पात्रता, लाभ एवं प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत आवासीय इकाइयों को ग्रामीण, शहरी तथा बेड व ब्रेकफास्ट श्रेणी में पंजीकृत किया जा सकता है, जिसमें एक से छह कक्ष किराये पर उपलब्ध कराए जा सकेंगे। इच्छुक व्यक्ति https://up-tourismportal.in/application/bnb/login पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
लक्ष्य एनजीओ के प्रतिनिधियों संदीप उपाध्याय और प्रमोद चेतल ने मुजफ्फरनगर में ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए देवल और शुकताल गांवों में किए जा रहे कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह नीति ग्राम एवं कस्बों को राज्य के विकास में सहभागी बनाएगी।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग द्वारा मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान, लखनऊ में प्रशिक्षित चार स्थानीय टूरिस्ट गाइडों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। लगभग 25 लोगों ने होमस्टे नीति के तहत पंजीकरण कराने की इच्छा जताई और ऑफलाइन आवेदन किया। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रविशंकर ने बताया कि जनपद में अब तक कुल नौ आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनकी पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















