बांदा। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन मुस्कान के क्रम में थाना कमासिन की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने मानवता की मिसाल पेश की। टीम ने गुम / भटकी हुई 02 वर्षीय बच्ची के परिजनों का महज 02 घंटे के भीतर पता लगाकर उसे सकुशल सुपुर्द किया। कमासिन की मिशन शक्ति टीम थाना कमासिन के बाजार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व एंटी रोमियो चेकिंग तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत भ्रमणशील थी। इसी दौरान बाजार क्षेत्र में एक लगभग 02 वर्षीय बच्ची भीड़भाड़ के बीच अकेले रोती हुई दिखाई दी। मिशन शक्ति टीम ने तत्काल बच्ची के पास पहुंचकर उससे प्रेमपूर्वक एवं संवेदनशीलता के साथ बातचीत करने का प्रयास किया। बच्ची अपना नाम-पता नहीं बता पा रही थी। तत्पश्चात बच्ची को संरक्षण में लेकर थाना कमासिन लाकर महिला हेल्प डेस्क पर बैठाया गया। तत्काल बच्ची के माता-पिता की खोजबीन हेतु टीमों का गठन कर आस-पास के लोगों से पूछताछ करते हुए करीब 02 घंटे के अथक व निरंतर प्रयासों के पश्चात पुलिस द्वारा परिजनों का पता लगाया गया तथा उन्हें सूचित कर थाना कमासिन पर बुलाकर बच्ची से मिलाकर पहचान कराई गई।
बच्ची द्वारा अपने माता-पिता की पहचान करने के पश्चात नियमानुसार बच्ची को उसके माता-पिता को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों द्वारा पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया गया। एसपी पलाश बंसल का बयान ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान का यही उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा अपने परिवार से दूर न रहे। कमासिन की मिशन शक्ति टीम ने 2 घंटे में बच्ची को उसके माता-पिता से मिलाकर ये साबित कर दिया कि बांदा पुलिस सिर्फ अपराधियों के लिए सख्त है, जनता के लिए परिवार की तरह है। हमारे लिए हर बच्ची हमारी बेटी है। मैं पूरी टीम को बधाई देता हूं। माता-पिता से अपील है कि बाजार या भीड़ में बच्चों का हाथ कभी न छोड़ें।















