देश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाली मुंबई में आज सुबह एक भीषण हादसा हुआ. यहां सुबह करीब 5:20 बजे मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जाने वाले रास्ते पर एक तेज रफ्तार BMW कार से नीचे जा गिरी. हादसे में BMW में सवार चार लोगों में से तीन की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी बताया जा रहा है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित टीमें मौके पर पहुंची. अब इस पूरे हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इस दर्दनाक हादसे को देखा जा सकता है. हादसे को लेकर जो शुरुआती जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार, कार की रफ्तार 120 किलीमीटर से भी ज्यादा थी. फ्लाईओर पर पांच जगह ड्राइवर ने अपने आपको और कार में बैठे लोगों को बचाने की कोशिश की.
हवा में उड़ी और 50 फीट नीचे जा गिरी कार
कार को कंट्रोल करने का प्रयास किया, लेकिन स्पीड ज्यादा तेज होने की वजह से ये हादसा हुआ. जब कार में बैठे लोगों को लगा कि टक्कर होने वाली है, तो ड्राइवर ने कार को स्किट किया. फिर डिवाइडर से घसीटते हुए कार 50 मीटर आगे गई और उसके बाद जब कंट्रोल पूरी तरह से छूट गया तो कार हवा में उड़ी ओर 50 फीट ऊपर से नीचे जा गिरी. सीसीटीवी में ये पूरा हादसा कैद हुआ है.जानकारी के अनुसार, कार प्लाईओवर पर पांच जगह टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी. प्लाईओवर पर जहां दूसरी बार कार टकराई, वहां दिशासूचक लोहे का खंभा पूरा उखड़ गया. जहां तीसरी बार कार टकराई, वहां सीमेंट का पिलर उखड़ गया. चौथी बार जहां कार टकराई, वहां डिवाइडर पूरा मुड गया. इसके बाद पांचवा वो स्पॉट था, जहां से कार फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी.
डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित किया
हादसे के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया.फिर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. चारों को इलाज के लिए मुंबई के नायर अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल युवक को इलाज के लिए ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया. हादसे में जान गंवाने वालों में शानय गज्जल (21), धीर्या सेठ (17) और 25 साल का एक अज्ञात युवक शामिल है.हादसे में करीब 20 वर्षीय एक अन्य अज्ञात युवक जख्मी है. वो नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती है. उसकी हालत गंभीर है. हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है.














