IIT बॉम्बे में छात्र की मौत पर पिता का आरोप, क्राइम ब्रांच करेगी जांच.

IIT बॉम्बे में एक छात्र (22) ने परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के बाद हॉस्टल के अपने कमरे में आत्महत्या कर ली. एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पवई कैंपस के हॉस्टल नंबर-4 में इस छात्र का शव छत के पंखे से लटका हुआ मिला. वहीं अब इस मामले की जांच को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है.पुलिस अधिकारी के अनुसार, छात्र की पहचान महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के निवासी साहिल रवींद्र वाकोडे (22) के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि वाकोडे के माता-पिता की शिकायत पर पवई थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया.

जाति-आधारित भेदभाव का आरोप

अधिकारी ने बताया कि छात्र के माता-पिता यवतमाल से मुंबई पहुंचे और दावा किया कि मौत से पहले उनके बेटे को संस्थागत उत्पीड़न एवं जाति-आधारित भेदभाव का सामना करना पड़ा था. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. इस मौत के सिलसिले में पुलिस ने शुरआत में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की थी.

साहिल के शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज

हालांकि मामला बढ़ने के बाद साहिल के शिक्षक सूर्यनारायण डुल्ला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. साहिल के पिता ने अपने बयान में डुल्ला पर जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया. साथ ही, साहिल को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. फैकल्टी टीचर और उनके वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भी शिकायत की है.

अधिकारी ने बताया कि साहिल वाकोडे ऊर्जा विज्ञान और अभियांत्रिकी विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था. आईआईटी बॉम्बे के एक बयान के अनुसार, वाकोडे ने परीक्षा के दौरान उत्तर के लिए कथित तौर पर परीक्षा का पेपर चैटजीपीटी पर अपलोड किया था.

छात्रों ने कैंपस में किया विरोध-प्रदर्शन

अधिकारी ने बताया कि मौत का पता तब चला जब हॉस्टल में रहने वाले उसके साथियों ने देखा कि उसके कमरे से कोई जवाब नहीं मिल रहा है. साथियों ने अधिकारियों को सूचित किया, जिन्होंने पुलिस को खबर दी. इस घटना के बाद परिसर में विरोध-प्रदर्शन भी हुए और विद्यार्थियों ने मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की मांग की.

आईआईटी बॉम्बे ने शुक्रवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि वाकोडे दिन में परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था, लेकिन उसके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी. बयान के मुताबिक, इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने वाकोडे से इस मामले पर बात की एवं उसे समझाया. विभागाध्यक्ष ने उसे आश्वासन दिया कि इस घटना का उसके शैक्षणिक करियर पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा.

मौत की परिस्थितियों की जांच

संस्थान ने कहा कि इसके बाद वह छात्रावास में अपने कमरे में लौट आया और शाम को मृत पाया गया. बयान में कहा गया है, संस्थान इस छात्र के दोस्तों, सहपाठियों, शिक्षकों और इस दुखद घटना से प्रभावित अन्य लोगों को सहायता प्रदान कर रहा है. बयान के मुताबिक, मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है. मुंबई के पवई स्थित आईआईटी परिसर में गत सात महीने में छात्र आत्महत्या का यह तीसरा मामला है. फरवरी में, छात्रावास में बीटेक द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली थी. जुलाई 2026 में भी नए सेमेस्टर की शुरुआत में बीटेक द्वितीय वर्ष के 20-वर्षीय एक छात्र ने अपनी जान दे दी थी.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts