मुजफ्फरनगर। हज-2027 के लिए चयनित हज यात्रियों को मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी करनी होगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मैत्री रस्तोगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश हज समिति, लखनऊ के पत्र तथा हज कमेटी ऑफ इंडिया के सर्कुलर-13 के तहत चयनित यात्रियों के लिए स्वास्थ्य जांच संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार चयनित हज यात्रियों को प्रथम चरण में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप पर सरकारी चिकित्सा केंद्र में स्वास्थ्य जांच करानी होगी। जांच के बाद एलोपैथिक पद्धति के चिकित्सक से मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा। इसके साथ अग्रिम जमा धनराशि की रसीद एवं अन्य आवश्यक प्रपत्र हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 30 सितंबर 2026 तक अपलोड किए जा सकेंगे। इसके अलावा आवश्यक दस्तावेज उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय में 1 अक्टूबर 2026 तक जमा किए जा सकते हैं।
एनआरआई यानी अन्य देशों में रह रहे प्रवासी भारतीय हज यात्रियों को संबंधित देश के सरकारी चिकित्सालय में मेडिकल स्क्रीनिंग कराकर रिपोर्ट प्रेषित अथवा अपलोड करनी होगी। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को हज यात्रियों के मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने के संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
हज यात्रियों को सलाह दी गई है कि प्रथम चरण की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र की रिपोर्ट वेबसाइट पर अपलोड करने के बाद प्रमाण पत्र और जांच रिपोर्ट अपने पास सुरक्षित रखें। द्वितीय चरण की मेडिकल जांच के दौरान यह रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।














